बस्तर विकास को लेकर सक्रिय हुए जनप्रतिनिधि, केदार कश्यप-विजय शर्मा से अहम मुलाकात

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

बकावंड। रायपुर में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान बकावंड जनपद पंचायत अध्यक्ष सोनबारी भद्रे ने अपने बेटे और बेटी के साथ बस्तर के माटीपुत्र एवं छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप से उनके रायपुर स्थित निवास कार्यालय में सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान वन मंत्री ने जनपद पंचायत अध्यक्ष से क्षेत्र की स्थिति, जनकल्याणकारी योजनाओं और बकावंड सहित बस्तर अंचल में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने अध्यक्ष के दोनों बच्चों से आत्मीय बातचीत की और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दीं।

मुलाकात के बाद वन मंत्री केदार कश्यप के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा से भी उनके निवास कार्यालय में सौजन्य भेंट की। इस दौरान बस्तर संभाग के विकास कार्यों, ग्रामीण इलाकों की जरूरतों, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और शासन की योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जनप्रतिनिधियों के सुझावों को गंभीरता से सुना और विकास कार्यों में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर बस्तर जनपद पंचायत अध्यक्ष संतोष बघेल, तोकापाल जनपद पंचायत अध्यक्ष रामबती भंडारी, बकावंड जनपद पंचायत उपाध्यक्ष तरुण कुमार पांडे, तोकापाल जनपद पंचायत उपाध्यक्ष रितेश जोशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

रायपुर में हुई यह मुलाकात सिर्फ औपचारिकता तक सीमित नहीं रही, बल्कि बस्तर के समग्र विकास, ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान और शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के संकल्प को और मजबूत करती नजर आई। जनप्रतिनिधियों ने विश्वास जताया कि राज्य सरकार के मार्गदर्शन और सहयोग से बस्तर में विकास की रफ्तार और तेज होगी, जिससे क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment