महासमुंद में अवैध शराब कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, 86 लीटर शराब और 3 बाइक जब्त

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

महासमुंद जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एन्टी नारकोटिक टॉस्क फोर्स एवं जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 9 अलग-अलग प्रकरणों में 86 लीटर 490 मिलीलीटर अवैध शराब जब्त की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 20 हजार 774 रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही 3 मोटरसाइकिलें भी जब्त की गईं।

पुलिस के अनुसार बसना थाना क्षेत्र के ग्राम बेलडीही और बनडबरी में कार्रवाई कर विष्णु सिदार, सुरेन्द्र जगत और सोनू चौहान को गिरफ्तार किया गया। वहीं सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के राफेल चौक एनएच-53 पर राहुल नंद और आदित्य तांडी को 25 लीटर महुआ शराब के साथ पकड़ा गया।

इसके अलावा तेंदुकोना थाना क्षेत्र के ग्राम पंडरीखार में छापेमारी कर टकेश्वर यादव और बीसे लाल कुर्रे को अवैध देसी एवं अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

महासमुंद पुलिस ने बताया कि जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अब तक 670 प्रकरणों में 758 आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है। इस दौरान करीब 24 लाख 6 हजार रुपये मूल्य की 8605 लीटर से अधिक अवैध शराब जब्त की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment