दिल्ली के मालवीय नगर के हौज रानी इलाके में उस समय हड़कंप मच गया जब लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी इमारत इसकी चपेट में आ गई और वह आग का गोला बन गई।
इस दर्दनाक हादसे में अब तक 21 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 11 लोग घायल बताए जा रहे हैं। प्रशासन को शक है कि कुछ लोग अभी भी इमारत के अंदर फंसे हो सकते हैं, इसलिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी, जिसके बाद राहत और बचाव टीम मौके पर पहुंची। आग की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त दमकल गाड़ियां भी बुलाई गईं।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 11 घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टर लगातार उनकी हालत पर नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही घायलों की स्थिति को लेकर पूरी जानकारी मिल पाएगी।
फिलहाल आग लगने की वजह साफ नहीं हो पाई है। फोरेंसिक टीम और विशेषज्ञ मामले की जांच में जुट गए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर दुख जताते हुए एक्स पर पोस्ट किया और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने बताया कि PMNRF से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।






