ब्लड बैंक से रो रोकर गुहार लगाती रही मां, पर 1 यूनिट खून भी नहीं मिला! मौत

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

दुर्ग।दुर्ग जिला अस्पताल से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां 20 साल की युवती दीपिका गाड़ा की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि शरीर में खून की गंभीर कमी होने के बावजूद उसे समय पर एक यूनिट ब्लड तक नहीं मिल पाया, जिससे उसकी जान चली गई।

परिजनों के अनुसार युवती सिकल सेल एनीमिया से पीड़ित थी और उसका हीमोग्लोबिन सिर्फ 5 ग्राम था। डॉक्टरों ने तीन यूनिट ब्लड की जरूरत बताई थी, लेकिन गरीब परिवार तुरंत डोनर नहीं जुटा पाया। आरोप है कि युवती की मां अस्पताल और ब्लड बैंक के सामने लगातार मदद की गुहार लगाती रही, लेकिन समय पर सहायता नहीं मिली।

दीपिका को शनिवार रात गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान सोमवार शाम उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है।

वहीं मामले में सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज ने कहा कि युवती का हीमोग्लोबिन बहुत कम था और इमरजेंसी में एक-दो यूनिट ब्लड दिया जा सकता था, लेकिन मौत का कारण सिर्फ खून की कमी ही है, यह कहना सही नहीं होगा। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही असली कारण साफ होगा।

फिलहाल यह मामला जिला अस्पताल की व्यवस्था और इमरजेंसी स्वास्थ्य सेवाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment