रायपुर। राजधानी रायपुर में पेट्रोल-डीजल की किल्लत लगातार तीसरे दिन भी लोगों की परेशानी का कारण बनी रही। हालात इतने खराब हो गए हैं कि जिले के 326 पेट्रोल पंपों में से 53 पंप पूरी तरह खाली हो चुके हैं। पूरे छत्तीसगढ़ में सबसे ज्यादा असर रायपुर में देखने को मिल रहा है, जहां ईंधन के लिए लोगों की लंबी कतारें लगी हुई हैं और अफरा-तफरी जैसा माहौल बना हुआ है।
आम लोगों के साथ सरकारी व्यवस्था भी प्रभावित
ईंधन संकट का असर अब सिर्फ आम जनता तक सीमित नहीं रहा। जरूरी सेवाओं में लगी गाड़ियां भी पेट्रोल-डीजल के लिए भटक रही हैं। कई पेट्रोल पंपों पर डायल-112 की गाड़ियां, पुलिस पेट्रोलिंग वाहन, नगर निगम के पानी टैंकर, गैस सप्लाई वाहन और मरीजों को ले जाने वाली एंबुलेंस घंटों लाइन में खड़ी नजर आईं।
वहीं, दूसरे राज्यों और जिलों से फल, सब्जियां और चावल लेकर आने वाले ट्रांसपोर्ट वाहन भी डीजल नहीं मिलने के कारण शहर के बाहर रुके हुए हैं।
भीड़ और विवाद रोकने पुलिस अलर्ट
पेट्रोल पंपों पर लगातार बढ़ती भीड़ की वजह से विवाद की स्थिति भी बन रही है। ज्यादा बिक्री के कारण पंपों पर नकदी भी सामान्य दिनों से अधिक जमा हो रही है। किसी भी तरह की गड़बड़ी या कानून व्यवस्था बिगड़ने से बचने के लिए पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है।
रायपुर के प्रमुख पेट्रोल पंपों पर पुलिस की तरफ से इमरजेंसी नंबर लगाए गए हैं, ताकि कालाबाजारी या विवाद की शिकायत तुरंत की जा सके।
पेट्रोल-डीजल के दाम भी बढ़े
किल्लत के बीच ईंधन की कीमतों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
- पेट्रोल पहले ₹100.45 प्रति लीटर था, जो अब बढ़कर ₹103.56 हो गया है।
- डीजल ₹93.39 से बढ़कर ₹96.55 प्रति लीटर पहुंच गया है।
- स्पीड पेट्रोल की कीमत अब ₹112.29 प्रति लीटर हो गई है।
हालात सामान्य होने का दावा
अपर कलेक्टर और नोडल अधिकारी कीर्तिमान राठौर ने बताया कि जैसे ही पंपों के खाली होने की जानकारी मिली, तुरंत तीनों बड़ी पेट्रोलियम कंपनियों से संपर्क किया गया। लगातार टैंकर रवाना किए जा रहे हैं और शनिवार तक सभी ड्राई पंपों में पर्याप्त स्टॉक पहुंचने की उम्मीद है।
“घबराकर टंकी फुल करा रहे लोग”
रायपुर पेट्रोल पंप एसोसिएशन के अध्यक्ष अखिल धगत का कहना है कि कंपनियों की तरफ से लगातार सप्लाई भेजी जा रही है, लेकिन किल्लत की खबर के बाद लोग डर के कारण जरूरत से ज्यादा पेट्रोल-डीजल भरवा रहे हैं। इससे स्टॉक तेजी से खत्म हो रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि पैनिक न हों और धैर्य बनाए रखें, जल्द स्थिति सामान्य हो जाएगी।



