मदर्स डे के मौके पर रायपुर महिला जेल की बंदिनियों को एक बड़ी सौगात मिली है। जेल प्रशासन ने महिला बंदियों के लिए प्रिजन इनमेट वीडियो कॉलिंग सिस्टम शुरू कर दिया है, जिससे अब वे अपने परिवार और वकीलों से सीधे वीडियो कॉल के जरिए जुड़ सकेंगी।
जेल विभाग और बीएसएनएल के बीच हुए समझौते के बाद यह सुविधा शुरू की गई है। लंबे समय से बंदिनियां इस व्यवस्था का इंतजार कर रही थीं। इस नई सुविधा से उन्हें मानसिक सहारा मिलेगा और कानूनी मामलों में भी बातचीत करना आसान हो सकेगा।
इसी अवसर पर निश्चय कार्यक्रम के तहत कौशल विकास प्रशिक्षण पूरा करने वाली 38 महिला बंदिनियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। जेल प्रशासन का कहना है कि यह पहल बंदिनियों को आत्मनिर्भर बनाने और भविष्य में बेहतर जीवन की दिशा देने का प्रयास है।
महिला जेल में अपनी माताओं के साथ रह रहे 14 बच्चों को भी खास उपहार दिए गए। बच्चों के चेहरों पर मुस्कान देखने को मिली और पूरे जेल परिसर में उत्साह और खुशी का माहौल नजर आया।



