शादी बनी अभिशाप, जेठ पर दुष्कर्म का आरोप, पति ने की खुदकुशी

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

बिलासपुर। वैवाहिक वेबसाइट के जरिए हुई शादी एक युवती के लिए दर्दनाक साबित हुई। राजस्थान स्थित ससुराल पहुंचने के बाद विवाहिता को अपने ही जेठ की प्रताड़ना और दुष्कर्म का सामना करना पड़ा। मामले ने उस समय और गंभीर मोड़ ले लिया जब पीड़िता के पति ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। अब महिला थाना पुलिस ने आरोपित जेठ के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बिलासपुर निवासी युवती का संपर्क एक वैवाहिक वेबसाइट के माध्यम से राजस्थान के युवक से हुआ था। दोनों परिवारों की सहमति के बाद करीब एक वर्ष पूर्व उज्जैन में दोनों का विवाह हुआ था। शादी के बाद जब युवती ससुराल पहुंची तो उसे परिवार की कई चौंकाने वाली सच्चाइयों का पता चला।

पीड़िता के मुताबिक उसके जेठ ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया था। वहीं उसके पति पर भी धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज थे। विवाहिता ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही जेठ उस पर गलत नजर रखता था और मौका पाकर उसने उसके साथ दुष्कर्म किया।

पीड़िता ने जब यह बात अपने पति को बताई तो पति ने परिवार और समाज की बदनामी का हवाला देते हुए उसे चुप रहने के लिए कहा। इसके बावजूद जेठ द्वारा लगातार प्रताड़ना और शोषण किया जाता रहा। बाद में पारिवारिक तनाव इतना बढ़ गया कि उसके पति ने आत्महत्या कर ली।

घटना के बाद पीड़िता ने महिला थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपित जेठ के खिलाफ दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment