तमिलगा वेट्री कजगम (टीवीके) प्रमुख विजय अब राज्य की सत्ता संभालने की ओर बढ़ चुके हैं। शुक्रवार को विजय ने तीसरी बार राजभवन पहुंचकर राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अरलेकर से मुलाकात की। समर्थन पत्र सौंपने के बाद राज्यपाल ने उन्हें सरकार बनाने के लिए आमंत्रित कर दिया। जानकारी के मुताबिक विजय कल सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
सरकार गठन को लेकर तमिलनाडु में राजनीतिक हलचल लगातार तेज बनी हुई है। कांग्रेस और वामपंथी दलों के समर्थन के बाद विजय ने आधिकारिक रूप से सरकार बनाने का दावा पेश किया। सूत्रों के अनुसार, वाम दलों द्वारा बिना शर्त समर्थन देने के कुछ घंटों बाद ही विजय राजभवन पहुंचे और आवश्यक समर्थन का दस्तावेज राज्यपाल को सौंप दिया।
हालिया विधानसभा चुनाव में टीवीके ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 108 सीटों पर जीत दर्ज की और सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। वहीं विजय ने भी दो विधानसभा सीटों पेरांबूर और तिरुचिरापल्ली ईस्ट से जीत हासिल की है। चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार उन्हें एक सीट छोड़नी होगी।
सरकार बनाने के लिए 118 विधायकों के समर्थन की जरूरत है। ऐसे में कांग्रेस के 5 विधायक पहले ही टीवीके के साथ खड़े हो चुके हैं। इसके अलावा भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) [CPI-M] और वीसीके ने भी समर्थन दिया है। इन सभी के समर्थन के बाद विजय बहुमत के आंकड़े के करीब पहुंच गए हैं।
तमिलनाडु की राजनीति में विजय की एंट्री को पहले ही बड़ा बदलाव माना जा रहा था, लेकिन अब मुख्यमंत्री पद की शपथ के साथ उनकी राजनीतिक पारी एक नए दौर में प्रवेश करने जा रही है। राजनीतिक जानकार इसे राज्य की राजनीति में नई शक्ति के उभरने के तौर पर देख रहे हैं।



