रायपुर में अपराध चरम पर? कांग्रेस ने थाने का घेराव कर उठाए बड़े सवाल

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर। राजधानी में बढ़ते अपराधों को लेकर शहर की सियासत गरमा गई है। शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने रविवार को टिकरापारा थाने का घेराव कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि शहर में लूट, हत्या, बलात्कार, चोरी और छेड़छाड़ जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिसके लिए सीधे तौर पर पुलिस की कार्यप्रणाली जिम्मेदार है।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने प्रदेश के गृह मंत्री से इस्तीफे की मांग भी उठाई। शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन ने अजय अग्रवाल हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि इस मामले में पुलिस की लापरवाही साफ नजर आती है। उन्होंने बताया कि विवाद पहले ही थाने तक पहुंच चुका था, लेकिन समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इसका नतीजा यह हुआ कि मामला हत्या तक जा पहुंचा और दो परिवारों की जिंदगी तबाह हो गई।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मांग की कि इस मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाए। इसके अलावा, शहर में फैल रहे अवैध नशे और शराब के कारोबार पर तत्काल रोक लगाने और रात के समय गश्त बढ़ाने की भी मांग की गई।

प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार पर कमिश्नरेट प्रणाली को लेकर भी सवाल खड़े किए। उनका कहना है कि यह व्यवस्था सिर्फ दिखावे तक सीमित है और इससे कानून-व्यवस्था में कोई ठोस सुधार नहीं हुआ है। साथ ही पुलिस भर्ती में हो रही देरी को भी अपराध बढ़ने की एक बड़ी वजह बताया गया।

मौके पर पहुंचे एएसपी नवनीत पाटिल ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि जांच में कोई भी पुलिसकर्मी दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी और पुलिसिंग व्यवस्था में सुधार के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment