नई दिल्ली। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने बहुप्रतीक्षित सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। लिखित परीक्षा और इंटरव्यू (पर्सनैलिटी टेस्ट) के आधार पर तैयार की गई मेरिट लिस्ट में अनुज अग्निहोत्री ने देशभर में पहला स्थान हासिल कर ऑल इंडिया टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया है।
इस बार दूसरे स्थान पर राजेश्वरी सुवे एम और तीसरे स्थान पर एकांश ढुल रहे। आयोग ने कुल 958 उम्मीदवारों को विभिन्न अखिल भारतीय और केंद्रीय सेवाओं में नियुक्ति के लिए अनुशंसित किया है।
UPSC के अनुसार, सिविल सेवा मुख्य परीक्षा अगस्त 2025 में आयोजित की गई थी, जबकि चयनित अभ्यर्थियों के इंटरव्यू दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 के बीच आयोजित किए गए।
इन सेवाओं में मिलेगी नियुक्ति
सफल उम्मीदवारों को देश की प्रतिष्ठित सेवाओं जैसे भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय विदेश सेवा (IFS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS) तथा अन्य केंद्रीय सेवाओं (ग्रुप ‘A’ और ग्रुप ‘B’) में नियुक्ति दी जाएगी।
श्रेणीवार चयनित उम्मीदवार
| श्रेणी | चयनित उम्मीदवार |
|---|---|
| सामान्य (General) | 317 |
| EWS | 104 |
| OBC | 306 |
| SC | 158 |
| ST | 73 |
| कुल | 958 |
348 उम्मीदवारों का चयन फिलहाल प्रोविजनल
आयोग ने बताया कि 348 उम्मीदवारों का चयन अस्थायी (प्रोविजनल) रखा गया है। इन अभ्यर्थियों के दस्तावेजों और अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं की जांच के बाद ही उनका चयन अंतिम माना जाएगा।
इसके अलावा दो उम्मीदवारों का परिणाम फिलहाल रोक दिया गया है। UPSC ने कहा है कि परिणाम घोषित होने के 15 दिनों के भीतर सभी उम्मीदवारों के अंक आयोग की वेबसाइट पर जारी कर दिए जाएंगे।
UPSC CSE 2025 टॉप 20 उम्मीदवार
| रैंक | नाम |
|---|---|
| 1 | अनुज अग्निहोत्री |
| 2 | राजेश्वरी सुवे एम |
| 3 | एकांश ढुल |
| 4 | राघव झुनझुनवाला |
| 5 | ईशान भटनागर |
| 6 | जिनिया अरोड़ा |
| 7 | ए आर राजा मोहिद्दीन |
| 8 | पक्षल सेक्रेटरी |
| 9 | आस्था जैन |
| 10 | उज्ज्वल प्रियांक |
| 11 | यशस्वी राज वर्धन |
| 12 | अक्षित भारद्वाज |
| 13 | अनन्या शर्मा |
| 14 | सुरभि यादव |
| 15 | सिमरनदीप कौर |
| 16 | मोनिका श्रीवास्तव |
| 17 | चितवन जैन |
| 18 | श्रुति आर |
| 19 | निसार दिशांत अमृतलाल |
| 20 | रवि राज |
कुल 1087 पदों पर भर्ती
सरकार की ओर से सिविल सेवा परीक्षा 2025 के लिए कुल 1087 पदों की जानकारी दी गई है। इनमें प्रमुख सेवाओं के लिए पद इस प्रकार हैं:
- IAS – 180 पद
- IFS – 55 पद
- IPS – 150 पद
- केंद्रीय सेवाएं (ग्रुप A) – 507 पद
- केंद्रीय सेवाएं (ग्रुप B) – 195 पद
दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए भी आरक्षित पद
UPSC ने बताया कि कुल रिक्तियों में PwBD श्रेणी के 42 पद भी शामिल हैं। इनमें अलग-अलग श्रेणियों के लिए पद निर्धारित किए गए हैं, ताकि दिव्यांग उम्मीदवारों को भी अवसर मिल सके।



