रायपुर।सर्व छत्तीसगढ़िया किसान समाज के तत्वावधान में निकाली जा रही “छत्तीसगढ़ी महतारी अस्मिता रथ यात्रा” आज अभनपुर विधानसभा क्षेत्र से आगे बढ़ते हुए पाटन विधानसभा के जामगांव पहुंची। यात्रा का नेतृत्व चेतन देवांगन, शिवनारायण ताम्रकार, विमलेश चंद्राकर और गंगाराम साहू कर रहे हैं, जबकि राज्य निर्माण संग्राम सेनानी लालाराम वर्मा मार्गदर्शन कर रहे हैं।
रथ यात्रा ने खट्टी, ढोडरा, ठाकुराईनटोला, तुलसी, खुड़मुड़ी, छावनी, रूही, जामगांव और मोतीपुर सहित कई गांवों का भ्रमण किया। जैसे ही रथ गांवों में पहुंचा, “छत्तीसगढ़ी महतारी की जय” और “सर्व छत्तीसगढ़िया किसान समाज जिंदाबाद” के नारों से माहौल गूंज उठा। ग्रामीणों ने जगह-जगह आरती उतारकर रथ का स्वागत किया। किसानों, युवाओं और महिलाओं ने बड़ी संख्या में संगठन की सदस्यता ग्रहण की।
यात्रा के 23 दिनों के दौरान यह रथ रायपुर से निकलकर नया रायपुर, आरंग, तुमगांव, शिरपुर, पटेवा और महासमुंद शहर के विभिन्न वार्डों में जनजागरण करता हुआ गरियाबंद जिले के जामगांव, फिंगेश्वर और राजिम के ऐतिहासिक मेला प्रांगण तक पहुंचा। इसके बाद नवापारा, अभनपुर, चंडी, खोरपा और खट्टी-परसदा क्षेत्र होते हुए अब पाटन विधानसभा में प्रवेश किया है।
गांव-गांव में आयोजित सभाओं को लालाराम वर्मा, विमलेश चंद्राकर, चेतन देवांगन, शिवनारायण ताम्रकार, गंगाराम साहू, अशोक कश्यप, बृजबिहारी साहू और लक्ष्मीनारायण निषाद ने संबोधित किया।

सभा को संबोधित करते हुए लालाराम वर्मा ने कहा कि पाटन क्षेत्र ने स्वतंत्रता संग्राम और छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण आंदोलन में अहम भूमिका निभाई है। आज छत्तीसगढ़ी भाषा और संस्कृति की उपेक्षा के खिलाफ लोगों को एकजुट होने की जरूरत है। उन्होंने आह्वान किया कि सभी छत्तीसगढ़िया भाई-बहन पार्टी और जातिगत सीमाओं से ऊपर उठकर शोषणमुक्त राज्य की स्थापना के लिए साथ आएं।
यात्रा के संयोजक जागेश्वर प्रसाद ने बताया कि यह अभियान छत्तीसगढ़ी अस्मिता, भाषा और संस्कृति के संरक्षण के लिए जनजागरण का कार्य कर रहा है और आने वाले दिनों में अन्य क्षेत्रों में भी पहुंचेगा।



