दिल्ली/रायपुर। रायपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद बृजमोहन अग्रवाल को संसद में एक अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने उन्हें ‘विकसित भारत शिक्षा अधिष्ठान विधेयक, 2025’ की समीक्षा के लिए गठित संयुक्त संसदीय समिति (Joint Committee of Parliament) का सदस्य नियुक्त किया है।
यह समिति देश में शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देने वाले इस प्रस्तावित विधेयक पर विस्तार से विचार करेगी और अपनी सिफारिशें देगी।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने इस नियुक्ति को अपने लिए गर्व और जिम्मेदारी का विषय बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ विज़न को साकार करने में शिक्षा की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। मजबूत शिक्षा ढांचे के बिना विकसित राष्ट्र का सपना अधूरा रहेगा।
उन्होंने कहा कि समिति के सदस्य के रूप में वे शिक्षा क्षेत्र में सुधार, पारदर्शिता और भविष्य की पीढ़ियों के लिए सशक्त ढांचा तैयार करने की दिशा में सकारात्मक योगदान देने का प्रयास करेंगे।
बृजमोहन अग्रवाल ने इस अवसर के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का आभार व्यक्त करते हुए भरोसा जताया कि संयुक्त समिति के माध्यम से देश की शिक्षा व्यवस्था को नई ऊर्जा और स्पष्ट दिशा मिलेगी।

राजनीतिक और शैक्षणिक हलकों में इस नियुक्ति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि यह विधेयक आने वाले समय में शिक्षा क्षेत्र की नीतियों और संरचना पर व्यापक प्रभाव डाल सकता है।







