रायपुर।छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में आरोपी राज्य के पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। मंगलवार को शीर्ष अदालत ने उनकी जमानत याचिका स्वीकार कर ली।
चीफ जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए लखमा को जमानत देने का आदेश दिया। इस फैसले के बाद उनके जल्द रिहा होने का रास्ता साफ हो गया है।
पूर्व मंत्री की ओर से पैरवी कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता फैसल रिजवी ने बताया कि कवासी लखमा को ईओडब्ल्यू-एसीबी और प्रवर्तन निदेशालय (ED), दोनों एजेंसियों द्वारा दर्ज मामलों में जमानत मिली है। उन्होंने कहा कि आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद लखमा की रिहाई जल्द हो जाएगी।
इस फैसले को छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक अहम घटनाक्रम माना जा रहा है, जिस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।



