NTPC कोरबा में श्रम कानून उल्लंघन का आरोप, सीटू की पदयात्रा

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

कोरबा।एनटीपीसी कोरबा में ठेका श्रमिकों की गंभीर समस्याओं और श्रम कानूनों के कथित उल्लंघन को लेकर सीटू (CITU) के नेतृत्व में बुधवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। ठेका मजदूरों ने एनटीपीसी परिसर से कलेक्ट्रेट कार्यालय तक पदयात्रा निकालते हुए प्रशासन और प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

के.एस.टी.पी.एस. एनटीपीसी कोरबा उत्पादन कंपनी कामगार यूनियन के बैनर तले आयोजित इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में ठेका श्रमिक के.सी. जैन मार्ग से पैदल चलते हुए दर्री बाजार, कोहड़िया, सीएसईबी चौक, घंटाघर और कोसाबाड़ी होते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। वहां प्रदर्शन कर कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

सभा को संबोधित करते हुए सीटू के प्रदेश अध्यक्ष कामरेड एस.एन. बैनर्जी ने एनटीपीसी प्रबंधन और ठेकेदारों पर श्रम कानूनों के खुलेआम उल्लंघन का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एनटीपीसी देश का एक प्रमुख महारत्न सार्वजनिक उपक्रम है, लेकिन यहां ठेका श्रमिकों के साथ अमानवीय व्यवहार किया जा रहा है।

बैनर्जी ने आरोप लगाया कि संयंत्र में प्रचालन, अनुरक्षण और सिविल कार्यों में लगे श्रमिकों पर केंद्रीय न्यूनतम वेतन लागू होने के बावजूद ठेकेदारों द्वारा वेतन भुगतान के बाद प्रतिदिन 250 से 350 रुपये तक की अवैध वसूली की जा रही है। मजदूरों के विरोध करने पर उन्हें गेट पास बंद करने और काम से हटाने की धमकी दी जाती है, जिससे भय का माहौल बना हुआ है।

एनटीपीसी कामगार यूनियन के अध्यक्ष फागू राम कश्यप ने कहा कि ठेका श्रमिक लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन न तो प्रशासन और न ही प्रबंधन उनकी शिकायतों पर गंभीरता दिखा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आने वाले समय में प्लांट स्तर पर उग्र आंदोलन किया जाएगा।

इस प्रदर्शन में सीटू के प्रदेश अध्यक्ष एस.एन. बैनर्जी के साथ किसान सभा से प्रशांत झा, दीपक साहू, दामोदर श्याम, बालको सीटू यूनियन, परिवहन संघ और किसान सभा के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। रैली में गुरुमूर्ति, सुमरित कश्यप, जी.डी. महंत, फुलबाई, जीराबाई, हेमलाल, अजय सहित बड़ी संख्या में ठेका मजदूरों की मौजूदगी रही।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment