वर्दी की आस में जिंदगी जोखिम में: रायपुर में CAF अभ्यर्थी बेहोश, 15 KM पैदल अस्पताल ले गए साथी

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

रायपुर में छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स (CAF) भर्ती की वेटिंग लिस्ट से जुड़े अभ्यर्थियों का आंदोलन अब मानवीय संकट का रूप लेता दिख रहा है। नौकरी की मांग को लेकर पिछले 28 दिनों से धरने पर बैठे अभ्यर्थियों के बीच सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक महिला अभ्यर्थी अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी।

धरना स्थल पर मौजूद अभ्यर्थियों के अनुसार, प्रदर्शन में शामिल चांदनी सोनवानी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। साथियों ने तुरंत एंबुलेंस के लिए कॉल किया, लेकिन करीब डेढ़ घंटे तक कोई चिकित्सकीय सहायता नहीं पहुंची। इस देरी से नाराज अभ्यर्थियों ने प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। “वर्दी दो या मृत्यु दो” जैसे नारों से धरना स्थल गूंज उठा।

मदद न मिलने पर अभ्यर्थियों ने बेहोश साथी को कंधों पर उठाया और अभनपुर अस्पताल की ओर पैदल ही निकल पड़े। प्रदर्शनकारियों का दावा है कि उन्हें करीब 15 किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ा। इस दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिससे बहस और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई और कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। बाद में किसी तरह अभ्यर्थियों ने गाड़ी की व्यवस्था की और चांदनी सोनवानी को अभनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।

अभ्यर्थियों का कहना है कि यह आंदोलन केवल नौकरी का नहीं, बल्कि उनके भविष्य और सम्मान से जुड़ा हुआ है। वेटिंग लिस्ट से जुड़े अभ्यर्थी अमरनाथ ने बताया कि वर्ष 2018 में CAF के 1,786 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई थी। नियमों के तहत 25 प्रतिशत वेटिंग लिस्ट भी जारी की गई थी। मेरिट सूची में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति मिल चुकी है, लेकिन वेटिंग लिस्ट के उम्मीदवार आज तक जॉइनिंग का इंतजार कर रहे हैं।

लगातार आश्वासनों के बावजूद कोई ठोस फैसला न होने से अभ्यर्थियों में भारी नाराजगी है। एंबुलेंस की देरी और पुलिस से टकराव ने प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रदर्शनकारी मांग कर रहे हैं कि वेटिंग लिस्ट से नियुक्ति को लेकर तुरंत निर्णय लिया जाए और आंदोलन स्थल पर चिकित्सा व सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment