गुरु घासीदास जयंती कार्यक्रम में मारपीट, ब्लेड से हमला, दो घायल

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर जिले के खरोरा थाना क्षेत्र में आयोजित गुरु घासीदास जयंती समारोह उस वक्त तनावपूर्ण हो गया, जब देर रात शराब के नशे में दो गुटों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। झगड़े के दौरान एक युवक पर ब्लेड से हमला किया गया, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल युवक संजू नारंग, निवासी ग्राम भैंसा भाठापारा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कार्यक्रम के दौरान विक्रम यादव, तोरण यादव सहित अन्य लोग नशे की हालत में हंगामा कर रहे थे और अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे थे। जब इसका विरोध किया गया तो विवाद बढ़ गया।

आरोप है कि इसी दौरान विक्रम यादव ने अपने पास रखे ब्लेड से संजू नारंग के बाएं सीने पर वार कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने लात-घूंसे और जूतों से भी उसकी पिटाई की, जिससे उसकी पीठ में चोटें आईं।

घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे गणेश यादव को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा। मारपीट में गणेश के सिर, दाएं गाल और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं।

पुलिस कार्रवाई

घटना के समय मौके पर मौजूद पवन यादव सहित अन्य ग्रामीणों ने पूरी वारदात देखी। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल दोनों घायलों का इलाज जारी है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment