रायपुर के इंद्रप्रस्थ फेज़-2 अपार्टमेंट में लिफ्ट बेकाबू होकर मेंटनेंस-रूम से टकराई

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर की एक आवासीय सोसायटी में लिफ्ट हादसे जैसी स्थिति ने लोगों को दहशत में डाल दिया। डीडी नगर स्थित इंद्रप्रस्थ फेज़-2 अपार्टमेंट में मां–बेटी ग्राउंड फ्लोर से ऊपर घर जाने के लिए लिफ्ट का बटन दबाती हैं। लेकिन लिफ्ट का दरवाज़ा खुलने के बजाय अचानक पूरी मशीनरी अनियंत्रित होकर तेज़ी से ऊपर की ओर भागने लगती है। कुछ ही ही क्षण में लिफ्ट सीधी आठवीं मंज़िल के मेंटनेंस रूम की छत से टकरा जाती है। गनीमत रही कि उस वक्त लिफ्ट के अंदर कोई भी मौजूद नहीं था, वरना यह घटना गंभीर रूप ले सकती थी।

हादसे के बाद सोसायटी के रहवासी सुरक्षा और लिफ्ट मेंटनेंस को लेकर सवाल उठा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिल्डिंग में लिफ्ट की नियमित जांच और सर्विसिंग नहीं होती। कई बार इसकी शिकायत भी की गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकला। निवासियों के अनुसार इससे पहले भी इसी तरह की तकनीकी खामियों के चलते दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें लोग घायल भी हुए थे।

इस बार घटना का पूरा वीडियो सीसीटीवी में कैद हो गया है, जिससे साफ दिखाई देता है कि लिफ्ट किस तरह अचानक बेक़ाबू होकर ऊपर की ओर गई और जोरदार धमाके के साथ छत से टकराई। हादसे से जहां निवासियों में डर का माहौल है, वहीं बिल्डिंग प्रबंधन पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं कि रख-रखाव में लापरवाही क्यों बरती गई।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment