टी20 विश्व कप 2026 को लेकर तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। भारत और श्रीलंका पहली बार संयुक्त रूप से इस मेगा इवेंट की मेजबानी करने जा रहे हैं। मीडिया सूत्रों के अनुसार, टूर्नामेंट का आगाज़ 7 फरवरी 2026 से हो सकता है, जबकि रोमांचक फाइनल 8 मार्च को खेले जाने की संभावना जताई जा रही है।
क्रिकेट प्रेमियों के लिए सबसे बड़ी खुशखबरी यह है कि भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतिक्षित मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में आयोजित हो सकता है, जो निश्चित रूप से रोमांच की नई ऊंचाइयाँ छुएगा।
पिछले सीजन का खिताब जीतकर भारत मौजूदा चैंपियन के रूप में उतरने को तैयार है। वहीं, अगर पाकिस्तान फाइनल में पहुंचता है, तो मुकाबला श्रीलंका में आयोजित किया जाएगा। समझौते के मुताबिक, 2027 तक दोनों देशों के बीच सभी मैच तटस्थ स्थानों पर ही खेले जाएंगे। फिलहाल आईसीसी शेड्यूल को फाइनल रूप देने में जुटा है।
शॉर्टलिस्ट किए गए स्टेडियम
भारत: अहमदाबाद, दिल्ली, कोलकाता, चेन्नई, मुंबई
श्रीलंका: कोलंबो और अन्य दो चुने गए स्थान







