भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने आज ऐसा इतिहास रच दिया, जिसका सपना करोड़ों भारतीय लंबे समय से देख रहे थे। 47 साल के इंतज़ार के बाद, भारतीय बेटियों ने पहली बार वनडे महिला विश्व कप का खिताब अपने नाम कर लिया। मुंबई के डी. वाई. पाटिल स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से मात देकर दुनिया के सामने अपना परचम लहरा दिया।
फाइनल में दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। सलामी बल्लेबाज़ स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने पारी की बेहतरीन शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 104 रनों की साझेदारी की। मंधाना ने 45 रन बनाए, जबकि शेफाली वर्मा ने 78 गेंदों में 87 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 2 छक्के शामिल थे।
इसके बाद दीप्टि शर्मा ने अपनी दमदार बल्लेबाजी से टीम को मजबूती दी और 58 रनों की अहम पारी खेली। ऋचा घोष ने भी 34 रन जोड़कर स्कोर को आगे बढ़ाया। भारत ने निर्धारित 50 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 298 रनों का विशाल लक्ष्य दक्षिण अफ्रीका के सामने रखा।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। कप्तान लॉरा वोल्वार्ट ने शतक जरूर जमाया, लेकिन उनकी पारी टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सकी। दक्षिण अफ्रीका की पूरी टीम 246 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
इस मुकाबले में भारतीय गेंदबाज दीप्टि शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 विकेट झटके और मैच की हीरो बनीं। उनके प्रदर्शन ने भारत को पहली बार विश्व विजेता बना दिया। उनकी सटीक गेंदबाजी और शेफाली वर्मा की धमाकेदार बल्लेबाजी ने मिलकर भारत को यह ऐतिहासिक जीत दिलाई।
यह जीत सिर्फ एक ट्रॉफी नहीं, बल्कि उन सभी भारतीय बेटियों के सपनों की जीत है, जिन्होंने कभी हार नहीं मानी। इस उपलब्धि ने भारत को महिला क्रिकेट की दुनिया में नई पहचान दिलाई है और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करने वाला सुनहरा अध्याय लिखा है।



