रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंचेंगे। वे यहां करीब 4 घंटे 45 मिनट तक रुकेंगे और इस दौरान लगातार पांच प्रमुख कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। खास बात यह है कि पीएम मोदी न तो लंच करेंगे और न ही कोई ब्रेक लेंगे। उनका पूरा शेड्यूल लगातार कार्यक्रमों से भरा हुआ है।
सुबह 9:40 बजे रायपुर पहुंचेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह 9:40 बजे विशेष विमान से रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वे सीधे नया रायपुर स्थित सत्यसाईं संजीवनी चाइल्ड हार्ट हॉस्पिटल जाएंगे। अस्पताल में वे सुबह 10 बजे से 10:35 बजे तक बच्चों से मिलकर ‘दिल की बात’ करेंगे। यह कार्यक्रम बच्चों के साथ संवाद और प्रेरणादायक बातचीत पर केंद्रित रहेगा।
ब्रम्हकुमारी संस्थान और विधानसभा भवन का करेंगे लोकार्पण
अस्पताल से निकलने के बाद पीएम मोदी प्रजापिता ब्रम्हकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के शांति शिखर भवन का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद वे 11:35 बजे छत्तीसगढ़ विधानसभा भवन के उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे।
राज्योत्सव में होंगे शामिल, शाम 4:25 बजे लौटेंगे वापस
विधानसभा भवन कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री राज्योत्सव समारोह में हिस्सा लेंगे, जो छत्तीसगढ़ की संस्कृति और विकास की झलक पेश करेगा। सभी कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद पीएम मोदी शाम 4:25 बजे रायपुर से वापस दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
सुरक्षा और स्वागत की तैयारियां पूरी
राज्य प्रशासन ने प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं को पूरी तरह तैयार कर लिया है। शहर में जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए गए हैं और प्रशासन ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष टीमों को तैनात किया है।



