शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव का सारंगढ़ दौरा: शिक्षकों ने रखी समस्याओं के समाधान की मांग, गर्मजोशी से हुआ स्वागत

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

गजेन्द्र यादव का सारंगढ़-बिलाईगढ़ आगमन शिक्षकों के बीच उत्साह और उम्मीद लेकर आया। राज्य के शिक्षा मंत्री के पहले सारंगढ़ प्रवास पर जिले के शिक्षकों ने उनका भव्य स्वागत किया और स्थानीय एवं राज्य स्तरीय समस्याओं को लेकर एक स्वर में अपनी मांगें रखीं। इस मौके पर शिक्षा मंत्री के स्वागत का आयोजन स्थानीय विश्राम गृह में किया गया, जहां शिक्षकों का प्रतिनिधि मंडल उनसे मिला और कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।

जिला शिक्षक संघ के नेतृत्व में शिक्षकों ने मंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए प्रमुख मांगों को रखा। इनमें सबसे अहम मांगें थीं— शिक्षकों को क्रमोन्नति वेतनमान का लाभ जल्द देने की, विलय के बाद लंबित पदीय लाभ और एरियर भुगतान की प्रक्रिया को एक समान नीति के तहत लागू करने की, विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए शीघ्र पदस्थापन की, और स्मार्ट क्लास, प्रयोगशाला एवं पुस्तकालयों के लिए विशेष बजट आवंटित करने की।

इस अवसर पर प्रतिनिधि मंडल में नीलकंठ पटेल, अयोध्या प्रसाद जायसवाल, शिव प्रकाश राठिया, हीराराम पटेल, राजेश देवांगन और दीपक भगत समेत कई शिक्षक शामिल रहे। संगठन ने मंत्री से उम्मीद जताई कि उनके हस्तक्षेप से शिक्षकों से जुड़ी लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।

 

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment