शिरीष चंद्र मूर्ति बने RBI के नए डिप्टी गवर्नर, तीन साल का कार्यकाल 9 अक्टूबर से संभालेंगे जिम्मेदारी

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

केंद्र सरकार ने भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) में एक महत्वपूर्ण नियुक्ति की घोषणा की है। अनुभवी अधिकारी शिरीष चंद्र मूर्ति को RBI का नया डिप्टी गवर्नर नियुक्त किया गया है। वह 9 अक्टूबर 2025 से इस पद की जिम्मेदारी संभालेंगे। उनका कार्यकाल तीन वर्षों का होगा।

शिरीष चंद्र मूर्ति ने लंबे समय तक रिज़र्व बैंक में विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है और संगठन के अंदर पदोन्नति के क्रम में वे डिप्टी गवर्नर के पद तक पहुंचे हैं। इससे पहले वे RBI में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर (Executive Director) के पद पर कार्यरत थे।

एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर के रूप में उन्होंने गवर्नेंस (Governance), नियामक नीतियों (Regulatory Policies) और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय (Inter-departmental Coordination) जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में कार्य किया। उनके पास प्रशासनिक और नियामक दोनों क्षेत्रों में गहरा अनुभव है, जिसने उन्हें इस उच्च पद के लिए उपयुक्त उम्मीदवार बनाया।

RBI अधिनियम, 1934 के अनुसार, केंद्रीय बैंक में एक गवर्नर और अधिकतम चार डिप्टी गवर्नर होते हैं। अब शिरीष चंद्र मूर्ति, टी. रबी शंकर, स्वामीनाथन जे., और पूनम गुप्ता के साथ RBI के चार डिप्टी गवर्नरों में शामिल होंगे।

शिरीष मूर्ति मौजूदा डिप्टी गवर्नर एम. राजेश्वर राव की जगह लेंगे, जिनका विस्तारित कार्यकाल 8 अक्टूबर 2025 को समाप्त हो रहा है। इस नियुक्ति के साथ RBI के शीर्ष प्रशासनिक ढांचे में निरंतरता बनी रहेगी और नीतिगत कार्यों में मजबूती आने की उम्मीद है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment