दिल्ली के वसंत कुंज स्थित शारदा इंस्टिट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड रिसर्च के मैनेजर चेतन्यानंद सरस्वती उर्फ स्वामी पार्थसारथी को छात्राओं से छेड़छाड़ और अश्लील हरकतों के आरोप में दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार देर रात दिल्ली पुलिस की टीम ने आगरा के ताजगंज क्षेत्र में स्थित होटल फर्स्ट के कमरे नंबर 101 से उन्हें हिरासत में लिया। गिरफ्तारी से पहले पुलिस ने करीब 15 मिनट तक होटल के कमरे में पूछताछ की और फिर उन्हें अपने साथ दिल्ली लेकर चली गई।
जानकारी के अनुसार, चेतन्यानंद सरस्वती पर पीजी डिप्लोमा कोर्स कर रही कुछ छात्राओं ने छेड़छाड़ और अनुचित व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए थे। छात्राओं की शिकायत पर 4 अगस्त को वसंत कुंज थाने में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपों की जांच शुरू की और आरोपी की लोकेशन आगरा में मिलने के बाद दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम सक्रिय हुई।
स्वामी पार्थसारथी नाम से होटल के रजिस्टर में एंट्री कराई गई थी। वे शनिवार शाम होटल में ठहरे थे और रात में होटल के रेस्टोरेंट से खाना मंगवाया था। होटल कर्मचारियों के अनुसार, देर रात साधारण कपड़ों में दो पुलिस अधिकारी होटल पहुंचे और रजिस्टर चेक करने के बाद कमरे तक गए। पूछताछ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर दिल्ली ले जाया गया।
हालांकि, आगरा पुलिस ने अभी तक इस गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन होटल स्टाफ और रिकॉर्ड से इस बात की पुष्टि हो चुकी है कि चेतन्यानंद सरस्वती उर्फ पार्थसारथी होटल में ठहरे हुए थे और उन्हें दिल्ली पुलिस साथ ले गई।
यह मामला संस्थान की छवि पर गंभीर सवाल खड़े करता है। छात्राओं की सुरक्षा और शैक्षणिक संस्थानों में अनुशासन बनाए रखने के लिए यह घटना एक महत्वपूर्ण उदाहरण है। फिलहाल दिल्ली पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।






