नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की विदेश नीति को नई मजबूती दी है। उन्होंने मोदी सरकार की नीतियों की तुलना जवाहरलाल नेहरू और कांग्रेस सरकारों से करते हुए कहा कि आने वाला इतिहास मोदी युग को स्वर्णिम काल के रूप में याद करेगा।
अमित शाह ने कहा, “पिछले 10 वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं और भारत की अर्थव्यवस्था 11वें स्थान से चौथे स्थान पर पहुंच चुकी है। अनुच्छेद 370 का हटना, राम मंदिर निर्माण, तीन तलाक पर रोक और नागरिकता की परिभाषा स्पष्ट करना—ये सब मोदी सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियां हैं।”
‘विदेश नीति में मोदी सरकार ने दी मजबूती’
शाह ने कहा कि आज भारत का पासपोर्ट दुनिया भर में सम्मान पा रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आज़ादी के बाद लंबे समय तक भारत की विदेश नीति में “रीढ़ की हड्डी” की कमी रही, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने उस कमजोरी को ताकत में बदला है।
पीएम मोदी की कार्यशैली पर अमित शाह
गृह मंत्री ने कहा, “मैंने प्रधानमंत्री मोदी को नजदीक से देखा है। उनकी सबसे बड़ी ताकत यह है कि वे हर भूमिका में खुद को ढाल लेते हैं और अपनी सभी जिम्मेदारियों को पूरी सफलता के साथ निभाते हैं। यही वजह है कि आज भारत पूरी दुनिया में एक सशक्त राष्ट्र के रूप में उभर रहा है।”







