31 अक्टूबर की शाम रायपुर पहुंचेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 अक्टूबर की शाम राजधानी रायपुर आएंगे। अपने इस विशेष दौरे के दौरान वे छत्तीसगढ़ को कई बड़ी सौगातें देंगे। पीएम मोदी नए विधानसभा भवन और भव्य जनजातीय संग्रहालय का लोकार्पण करेंगे। इस दौरे को लेकर पूरे प्रदेश में उत्साह का माहौल है और सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए जा रहे हैं।

प्रधानमंत्री का यह दौरा छत्तीसगढ़ की जनता के लिए ऐतिहासिक माना जा रहा है, क्योंकि विधानसभा भवन और जनजातीय संग्रहालय प्रदेश की पहचान और गौरव से जुड़ी परियोजनाएँ हैं। इन दोनों का उद्घाटन प्रदेश के विकास और सांस्कृतिक विरासत को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगा।

दौरे को लेकर आज विधानसभा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। इसमें विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, डिप्टी सीएम अरुण साव, मंत्री विजय शर्मा, केदार कश्यप और ओपी चौधरी मौजूद रहे। बैठक में सभी जरूरी तैयारियों की समीक्षा की गई।

इसके साथ ही राज्य के मुख्य सचिव अमिताभ जैन, डीजीपी अरुण देव गौतम, विधानसभा सचिव दिनेश शर्मा सहित कई विभागों के वरिष्ठ सचिव और अधिकारी भी मौजूद थे। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, प्रोटोकॉल और आयोजन से जुड़े बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

प्रधानमंत्री मोदी के आगमन से पहले राजधानी रायपुर में प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियाँ पूरी तरह सक्रिय हो गई हैं और हर स्तर पर इंतज़ामों की रूपरेखा तैयार की जा रही है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment