रायपुर।गणेश चतुर्थी के अवसर पर राजधानी रायपुर के बुढ़ापारा स्थित गणेश मंदिर में भव्य धार्मिक आयोजन हुआ। इस मौके पर भगवान गणेश को 51 किलो लड्डू का महाभोग अर्पित किया गया। बड़ी संख्या में भक्तों ने मंदिर पहुंचकर गणपति बप्पा के दर्शन किए और प्रसाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना से गूंज उठा। भक्तों ने सामूहिक रूप से आरती में भाग लिया और भगवान गणेश के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित की।
इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। इनमें भाजपा नेता डॉ. राकेश राज तराटे, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, प्रदीप चंद्राकर, नागेंद्र पांडे, पूर्व पार्षद नरेंद्र यादव, पूर्व पार्षद पुरुषोत्तम देवांगन, सुनील सोनकर, हरीश तिवारी और टीपी चंद्राकर शामिल थे।
भक्तिमय माहौल में हर कोई ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे लगाता नजर आया।







