बॉलीवुड के मशहूर एक्शन हीरो विद्युत जामवाल अब हॉलीवुड में एंट्री करने जा रहे हैं। उनकी पहली इंटरनेशनल फिल्म ‘स्ट्रीट फाइटर’ की शूटिंग आधिकारिक तौर पर शुरू हो चुकी है। इस फिल्म को पैरामाउंट पिक्चर्स, लीजेंडरी एंटरटेनमेंट और कैपकॉम मिलकर बना रहे हैं। शुक्रवार को फिल्म के ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर स्टारकास्ट का ऐलान किया गया, जिसमें विद्युत जामवाल का नाम भी शामिल है।
धालसिम का रोल निभाएंगे विद्युत
एक्शन और मार्शल आर्ट्स के लिए दुनियाभर में पहचान बनाने वाले विद्युत जामवाल को फिल्म में धालसिम का किरदार दिया गया है। धालसिम एक योगी है, जिसकी खास शक्ति आग उगलना है। वह शांत स्वभाव का व्यक्ति है, जो अपने परिवार के लिए संघर्ष करता है। इसी भूमिका से विद्युत हॉलीवुड में डेब्यू करेंगे। फिल्म 16 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
फिल्म की स्टारकास्ट और डायरेक्शन
‘स्ट्रीट फाइटर’ में विद्युत जामवाल के साथ एंड्रयू कोजी, नोआ सेंटीनो, जेसन मोमोआ, कैलिना लियांग, रोमन रेन्स, ऑरविल पेक, कोडी रोड्स, एंड्रयू शुल्ज और डेविड डस्टमलचियन जैसे सितारे नजर आएंगे। इसका निर्देशन नामी फिल्ममेकर किताओ सकुराई कर रहे हैं।

विद्युत जामवाल की पिछली फिल्में
विद्युत जामवाल ‘कमांडो’ सीरीज और ‘खुदा हाफिज’ जैसी सुपरहिट फिल्मों में धमाकेदार एक्शन दिखा चुके हैं। वह आखिरी बार 2024 में रिलीज हुई ‘क्रैक’ में नजर आए थे। अब उनका ये हॉलीवुड प्रोजेक्ट फैंस के लिए बेहद खास साबित होगा।







