अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने टेक सेक्टर को बड़ा झटका देते हुए संकेत दिया है कि उनकी सरकार जल्द ही सेमीकंडक्टर और चिप्स आयात पर भारी टैरिफ लगाने जा रही है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि Apple जैसी कंपनियां, जो अमेरिका में बड़े पैमाने पर निवेश और मैन्युफैक्चरिंग कर रही हैं, उन्हें इस शुल्क से राहत दी जाएगी।
Apple को मिलेगी छूट
व्हाइट हाउस में आयोजित डिनर के दौरान ट्रंप ने कहा कि “टिम कुक और उनकी कंपनी Apple सुरक्षित रहेंगे, क्योंकि उन्होंने अमेरिका में हाल ही में बड़े निवेश की घोषणा की है।” Apple ने करीब 600 अरब डॉलर की घरेलू मैन्युफैक्चरिंग योजना की घोषणा की है, जिसके चलते उसे टैरिफ से छूट मिल सकती है।
निवेश से जुड़ा फायदा
ट्रंप ने दोहराया कि जो कंपनियां अमेरिका में निर्माण इकाइयां स्थापित कर रही हैं या निवेश कर रही हैं, उन्हें टैरिफ से छूट मिलेगी। वहीं जो कंपनियां अमेरिकी निवेश से दूरी बनाए हुए हैं, उनके लिए आयात शुल्क अनिवार्य होगा।
200% से 300% तक बढ़ सकता है टैरिफ
पिछले महीने ट्रंप ने कहा था कि आयात शुल्क 100% से बढ़ाकर 200% या 300% तक भी किया जा सकता है। उनका दावा है कि यह कदम अमेरिकी बाजार को बाहरी प्रतिस्पर्धा से बचाने और घरेलू उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए जरूरी है।







