मैडॉक फिल्म्स अपने हॉरर-कॉमेडी यूनिवर्स को एक नई ऊंचाई पर ले जाने की तैयारी में है। इस यूनिवर्स की नई पेशकश फिल्म ‘थामा’ में पहली बार दर्शकों को वैंपायर और भेड़िए की टक्कर देखने को मिलेगी। फिल्म में आयुष्मान खुराना वैंपायर के रोल में नजर आएंगे, वहीं वरुण धवन अपने पॉपुलर किरदार ‘भेड़िया’ के रूप में एक बार फिर वापसी करेंगे।
फिल्म में रश्मिका मंदाना लीड एक्ट्रेस होंगी। बताया जा रहा है कि वरुण धवन ने फिल्म के लिए लगभग 6 दिन की शूटिंग पूरी कर ली है। उन्होंने इससे पहले ‘स्त्री 2’ में कैमियो किया था और अब वह ‘थामा’ में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे।
डायरेक्टर आदित्य सरपोतदार और प्रोड्यूसर दिनेश विजन ने फिल्म के वीएफएक्स और एक्शन सीक्वेंस पर खास ध्यान दिया है। मार्च-अप्रैल में शूट हुए एक्शन सीन को बड़े पैमाने पर तैयार किया गया है ताकि दर्शकों को थ्रिल और रोमांच से भरपूर सिनेमैटिक अनुभव मिल सके।
‘थामा’ के बाद मैडॉक यूनिवर्स की कई और फिल्में भी आने वाली हैं जिनमें ‘भेड़िया 2’, ‘शक्ति शालिनी’ और ‘चामुंडा’ शामिल हैं। ‘भेड़िया 2’ अगले साल रिलीज होगी, जो वरुण धवन के किरदार को और गहराई देगी।



