जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर को शुक्रवार को आरा में ‘बिहार बदलाव यात्रा’ के दौरान एक हल्की चोट लग गई। जानकारी के अनुसार, वह भीड़ में धक्का-मुक्की के बीच एक महिला को बचाने की कोशिश कर रहे थे, तभी गाड़ी के दरवाजे से उनके सीने में चोट लग गई।
चोट लगने के बाद उन्हें तुरंत आरा के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार और सीटी स्कैन किया गया। डॉक्टरों ने बताया कि चोट गंभीर नहीं है, लेकिन एहतियात के तौर पर उन्हें पटना भेजा गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है।

जन सुराज टीम के मुताबिक, प्रशांत किशोर की हालत अब स्थिर है और अगले 24 से 48 घंटों में वह पूरी तरह से स्वस्थ हो जाएंगे। चोट के बावजूद उन्होंने कार्यक्रम में शामिल होकर लोगों को संबोधित करने की कोशिश की, जो उनके आंदोलन और जनता के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
जन सुराज समर्थकों और प्रशांत किशोर के प्रशंसकों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। पार्टी की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि ‘बिहार बदलाव यात्रा’ जारी रहेगी, और प्रशांत जल्द ही इसमें दोबारा शामिल होंगे।



