सार
Kawad Yatra 2025: सावन में शिवभक्तों की आस्था का प्रतीक कांवड़ यात्रा आरंभ होने जा रही है। अगर आप पहली बार इस पवित्र यात्रा में भाग ले रहे हैं, तो इन नियमों और सामग्री की जानकारी जरूर लें।
विस्तार
सावन महीना शिवभक्ति का पर्व माना जाता है, और इसी माह में शुरू होती है कांवड़ यात्रा – जो श्रद्धा, संयम और समर्पण का परिचायक है। शिवभक्त दूर-दूर से पवित्र नदियों से जल लेकर पैदल यात्रा करते हैं और उसे भगवान शिव के शिवलिंग या ज्योतिर्लिंग पर अर्पित करते हैं। सावन के सोमवार, प्रदोष व्रत और शिवरात्रि का इस यात्रा में विशेष महत्व होता है, क्योंकि इन तिथियों पर जलाभिषेक से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

कांवड़ यात्रा 2025 की तिथि:
इस वर्ष कांवड़ यात्रा की शुरुआत 11 जुलाई 2025 (शुक्रवार) से होगी, जो सावन मास का पहला दिन है। यात्रा का समापन 23 जुलाई 2025 (बुधवार) को सावन शिवरात्रि के दिन जलाभिषेक के साथ होगा। प्रमुख तीर्थस्थलों जैसे देवघर, हरिद्वार, उज्जैन, वाराणसी आदि में पूरे सावन माह कांवड़ यात्रा चलती रहती है।

कांवड़ यात्रा में आवश्यक सामग्री:
अगर आप पहली बार यात्रा कर रहे हैं तो यह सामग्री साथ रखें:
- लकड़ी या बांस की बनी कांवड़
- गंगाजल भरने के लिए तांबे या स्टील का पात्र
- भगवान शिव की तस्वीर या मूर्ति, रुद्राक्ष माला, डमरू, त्रिशूल
- कांवड़ सजाने के लिए लाल-पीले कपड़े, फूल, ध्वज
- चलते समय भजन या कीर्तन के लिए स्पीकर या ऑडियो सिस्टम
- घंटी, नी कैप, दातुन, गमछा, पानी की बोतल, स्नैक्स आदि

यात्रा के दौरान पालन करें ये नियम:
- कांवड़ यात्रा पूरी तरह पवित्र धार्मिक आयोजन है, इसलिए नशे से पूर्ण दूरी रखें।
- शुद्ध आचरण, स्वच्छता, संयम और मधुर व्यवहार बनाए रखें।
- कांवड़ को जमीन पर न रखें, उसे खड़ा रखने का उचित प्रबंध करें।
- महिलाओं और बुजुर्गों का सम्मान करें और सामूहिक अनुशासन में यात्रा करें।




