बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता रितेश देशमुख इन दिनों अपनी पत्नी जेनेलिया देशमुख की फिल्म ‘सितारे ज़मीन पर’ का जोरदार प्रमोशन कर रहे हैं। फिल्म को शानदार बॉक्स ऑफिस रिस्पॉन्स मिल रहा है, जिसे देख रितेश देशमुख बेहद खुश हैं। रितेश ने सोशल मीडिया पर अपनी पत्नी के लिए एक दिल छू लेने वाला संदेश लिखा है।

रविवार को रितेश देशमुख ने इंस्टाग्राम पर जेनेलिया और अपने बच्चों के साथ एक खूबसूरत तस्वीर साझा की। तस्वीर में पूरा परिवार मुस्कुराता हुआ नजर आ रहा है। इस पोस्ट में रितेश ने लिखा, ‘सितारे ज़मीन पर’ की सफलता और शानदार बॉक्स ऑफिस कलेक्शन देख कर मुझे बहुत खुशी हो रही है। मैं खुद को सौभाग्यशाली समझता हूं कि मैं तुम्हारा पति हूं। ढेर सारा प्यार, बाइको जेनेलिया।’

जेनेलिया देशमुख ने भी अपने पति की इस पोस्ट का प्यारा जवाब दिया। उन्होंने लिखा, ‘तुम मेरी दुनिया हो रितेश। मुझे खुद पर गर्व है कि तुम मेरे साथ हो।’
इस पोस्ट पर कई सितारों ने भी प्रतिक्रिया दी। अभिनेता सुनील शेट्टी ने लाल दिल वाला इमोजी शेयर किया, जबकि भाग्यश्री ने लिखा, ‘बहुत प्यारी तस्वीर है। भगवान आपके परिवार को हमेशा खुश रखे।’
फिल्म की कमाई शानदार
फिल्म ‘सितारे ज़मीन पर’ ने बॉक्स ऑफिस पर बेहतरीन शुरुआत की है। पहले दिन इसने 11.7 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था, जबकि दूसरे दिन की कमाई 21.5 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। उम्मीद की जा रही है कि फिल्म जल्दी ही 50 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लेगी।

फिल्म की कहानी
‘सितारे ज़मीन पर’ एक स्पोर्ट्स कॉमेडी-ड्रामा फिल्म है, जिसका निर्देशन आरएस प्रसन्ना ने किया है। फिल्म एक बास्केटबॉल कोच की कहानी है, जिसे सजा के रूप में दिव्यांग बच्चों को बास्केटबॉल सिखाने की जिम्मेदारी दी जाती है। जेनेलिया देशमुख ने फिल्म में एक महत्वपूर्ण किरदार निभाया है। फिल्म 20 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।




