बेटी के जन्म पर कराया गर्भपात, जमीन पर कब्जा कर ससुराल से निकाला, अब गृह मंत्री से न्याय की गुहार

admin
3 Min Read

रायपुर।रेखा त्यागी के जीवन की कहानी दिल दहला देने वाली है। शादी के बाद से ही उन्हें पति और ससुराल वालों द्वारा बेटी होने के कारण लगातार शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न झेलना पड़ा। रेखा की मां श्रीमती शारदा त्यागी ने प्रेसवार्ता में बताया कि उनकी बेटी रेखा की शादी वर्ष 1999 में रायपुर के सुंदर नगर निवासी सूर्यकांत त्यागी से हुई थी। शादी के बाद से ही रेखा को प्रताड़ना झेलनी पड़ी।

परिवार के लड़का होने की जिद ने रेखा की तीन बार जबरन गर्भपात करवा दिया। जब चौथी बार पता चला कि गर्भ में लड़का है, तो परिवार ने शुभ मुहूर्त का बहाना बनाकर डिलीवरी में देरी की, जिससे नवजात की मौत हो गई। इसके बाद रेखा के साथ अत्याचार बढ़ते गए। उसे कमरे में बंद कर मानसिक और शारीरिक यातनाएं दी गईं। रेखा की बेटी को भी ससुराल वालों ने तिरस्कार से देखा और उसके बेटे को मेरठ भेज दिया।

रेखा की पैतृक जमीन, जो करीब 6.5 एकड़ की है और ग्राम जोरा में स्थित है, कूट रचित दस्तावेजों के जरिए ससुर और पति ने अपने नाम करवा ली। बाद में इस जमीन पर अवैध प्लाटिंग कर बेचा गया, जिससे शासन को भी भारी नुकसान पहुंचा।

जब रेखा ने विरोध किया तो उसे घर से निकाल दिया गया। रेखा ने अपने साथ हुए अत्याचार की शिकायत पहले भी तेलीबांधा थाने में दर्ज कराई थी लेकिन अब तक कोई कार्यवाही नहीं हुई। रेखा का आरोप है कि अमरनाथ त्यागी ने खुलेआम कहा कि उसकी ऊंचे पदों तक पहुंच है और पुलिस उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकती।

अब रेखा त्यागी न्याय की गुहार लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलने का निवेदन कर रही हैं, जो 22-23 जून 2025 को रायपुर दौरे पर रहेंगे। रेखा ने चेतावनी दी है कि यदि उसे न्याय नहीं मिला तो वह आत्मदाह करने के लिए मजबूर हो जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।

रेखा ने सभी दस्तावेजों के साथ तेलीबांधा थाना प्रभारी, एसएसपी रायपुर और राजस्व विभाग में शिकायत दर्ज करवा दी है। मामले की जांच फिलहाल जारी है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment