कन्हैयालाल मर्डर केस पर आधारित फिल्म का नाम अब बदल दिया गया है। पहले इस फिल्म को ‘ज्ञानवापी फाइल्स: अ टेलर मर्डर स्टोरी’ के नाम से रिलीज करने की तैयारी थी, लेकिन अब इसका नया नाम ‘उदयपुर फाइल्स: कन्हैयालाल टेलर मर्डर’ रख दिया गया है। साथ ही मेकर्स ने फिल्म की नई रिलीज डेट भी साझा की है।
अब 11 जुलाई को होगी रिलीज
फिल्म के निर्माताओं ने सोशल मीडिया पर फिल्म का नया पोस्टर शेयर करते हुए नाम और रिलीज डेट में बदलाव की जानकारी दी है। पोस्ट के अनुसार, ‘ज्ञानवापी फाइल्स’ अब ‘उदयपुर फाइल्स: कन्हैयालाल टेलर मर्डर’ के नाम से सिनेमाघरों में 11 जुलाई को रिलीज होगी।
पहले 27 जून को होनी थी रिलीज
शुरुआत में इस फिल्म को 27 जून को रिलीज करने की योजना थी, लेकिन मेकर्स ने अब इसकी तारीख आगे बढ़ा दी है। फिल्म में अभिनेता विजय राज मुख्य भूमिका में दिखाई देंगे। फिल्म का उद्देश्य कन्हैयालाल हत्याकांड के पीछे की मानसिकता, घटनाक्रम और समाज की चुप्पी को उजागर करना है।
क्या था पूरा मामला?
28 जून 2022 को राजस्थान के उदयपुर में दर्जी कन्हैयालाल साहू की दिनदहाड़े दुकान में निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। बताया गया कि हत्या की वजह कन्हैयालाल द्वारा सोशल मीडिया पर एक पोस्ट करना था, जिसे लेकर आरोपियों ने गुस्से में आकर यह घातक कदम उठाया था।



