क्लब-पब कल्चर पर SSP का एक्शन मोड, लड़कियों को ‘फ्री ऑफर’ देने पर लगाई रोक

admin
2 Min Read

रायपुर | शहर के नाइटलाइफ पर पुलिस की पैनी नजर है। शुक्रवार को SSP संजीव शुक्ला ने रायपुर के तमाम क्लब और पब संचालकों की बैठक ली और उन्हें साफ निर्देश दिए कि अब लड़कियों को ‘फ्री एंट्री’ या ‘फ्री शराब’ जैसे ऑफर देना पूरी तरह बंद करें। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि इस तरह के ऑफर असामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देते हैं और युवाओं को गुमराह करते हैं।

रात 12 बजे के बाद शराब परोसने पर सख्त पाबंदी

SSP ने निर्देश दिए कि रात 12 बजे के बाद किसी भी हाल में शराब परोसना बंद होना चाहिए। तय समय सीमा के बाद यदि कोई क्लब या पब खुले मिला या शराब परोसता पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

क्लब-पब मालिकों को दी गई चेतावनी

पुलिस के अनुसार, कई क्लब ऐसे हैं जो युवाओं को आकर्षित करने के लिए महिलाओं के लिए फ्री एंट्री और ड्रिंक्स का लालच देते हैं, जिससे देर रात तक भीड़ जुटती है और कई बार कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ती है। SSP ने कहा कि पब संचालकों की यह जिम्मेदारी है कि वे सामाजिक जिम्मेदारी के साथ काम करें और नियमों का पालन करें।

CCTV अनिवार्य, नशे की चेकिंग होगी सख्त

SSP ने यह भी कहा कि हर क्लब और पब में CCTV कैमरे अनिवार्य रूप से लगे हों और उनका रिकॉर्ड कम से कम 30 दिन तक सुरक्षित रखा जाए। पुलिस की टीम समय-समय पर औचक निरीक्षण करेगी और नशे की स्थिति में ड्राइविंग करने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

युवाओं की सुरक्षा सर्वोपरि: SSP

बैठक के अंत में SSP ने कहा कि पुलिस का मकसद किसी का बिजनेस बंद कराना नहीं है, लेकिन युवाओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। क्लब और पब संचालक सहयोग करें, वरना पुलिस अपने स्तर पर सख्ती करेगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment