रायपुर। सोमवार को राजधानी रायपुर की सड़कों पर सामान्य दिनों जैसा ट्रैफिक देखने को नहीं मिलेगा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की आक्रोश रैली के चलते शहर के कई प्रमुख मार्गों पर दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक यातायात व्यवस्था प्रभावित रहेगी। ऐसे में अगर आप घर से निकलने की योजना बना रहे हैं, तो पहले रूट डायवर्जन की जानकारी जरूर ले लें, वरना जाम में फंस सकते हैं।
यातायात पुलिस ने सुरक्षा और सुचारू व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर की 6 से ज्यादा अहम सड़कों पर बैरिकेडिंग कर दी है। इन रास्तों पर वाहनों की आवाजाही को रोककर ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा। इस दौरान आसपास के करीब 25 हजार लोगों के प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है।
भाजपा की यह रैली नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में आयोजित की जा रही है। कार्यक्रम की शुरुआत बूढ़ापारा स्थित इंडोर स्टेडियम में सभा के साथ होगी, जिसके बाद हजारों कार्यकर्ता रैली के रूप में सुभाष स्टेडियम की ओर कूच करेंगे। पार्टी का दावा है कि इस आयोजन में 10 हजार से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं।
रैली का तय मार्ग:
रैली बूढ़ापारा इंडोर स्टेडियम से शुरू होकर श्याम टॉकीज चौक, सप्रे शाला, नगर निगम मुख्यालय, महिला थाना चौक, राजीव गांधी चौक होते हुए सुभाष स्टेडियम पहुंचेगी। कार्यक्रम खत्म होने के बाद कार्यकर्ता वापस इंडोर स्टेडियम लौटेंगे। पार्किंग की व्यवस्था आउटडोर स्टेडियम में की गई है।
इन रास्तों पर सबसे ज्यादा असर:
दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक बूढ़ापारा बुद्धेश्वर चौक से लेकर श्याम टॉकीज चौक, सप्रे शाला, निगम मुख्यालय, सदर बाजार, महिला थाना चौक, सुभाष स्टेडियम, कोतवाली चौक, मोतीबाग और आकाशवाणी चौक जैसे प्रमुख इलाकों में ट्रैफिक धीमा या पूरी तरह बंद रह सकता है।
पुलिस की सलाह – इन रास्तों से जाएं:
- यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे भीड़भाड़ वाले इन मार्गों से बचें और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें।
- पुरानी बस्ती जाने के लिए कालीबाड़ी से पुलिस लाइन गेट होते हुए बूढ़ातालाब मार्ग अपनाएं
- शास्त्री चौक के लिए पुलिस लाइन, सिविल लाइन और लोकभवन मार्ग बेहतर रहेगा
- कालीबाड़ी की ओर जाने के लिए कलेक्टोरेट चौक से सिविल लाइन रूट लें
- मोतीबाग और बैजनाथपारा जाने के लिए मालवीय रोड और बांसटाल मार्ग सुविधाजनक रहेगा
पुलिस ने साफ कहा है कि अनावश्यक रूप से रैली मार्गों पर आने से बचें और समय रहते अपने सफर की योजना बना लें, ताकि बेवजह ट्रैफिक जाम में समय खराब न हो।



