सेमरिया सम्मेलन में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने दिया आत्मनिर्भरता का मंत्र

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

रायपुर।रविवार को रायपुर जिले के आरंग विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सेमरिया में आयोजित डड़सेना कलार सिन्हा समाज के मंडल स्तरीय वार्षिक सम्मेलन में उस समय उत्साह का माहौल देखने को मिला, जब सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कार्यक्रम में शिरकत की।

मंच से संबोधित करते हुए उन्होंने समाज की असली ताकत “संगठन और सेवा” को बताया और कहा कि किसी भी समाज की मजबूती उसके लोगों की एकजुटता और सहयोग पर निर्भर करती है। उन्होंने बड़ी सहज भाषा में कहा कि अक्सर लोग यह सोचते हैं कि समाज उनके लिए क्या कर रहा है, लेकिन बदलाव तब आता है जब समाज के लोग खुद एक-दूसरे के लिए खड़े होते हैं।

सांसद ने कलार समाज के आराध्य भगवान सहस्त्रबाहु का उदाहरण देते हुए कहा कि अगर समाज खुद को हजार भुजाओं वाला मानता है, तो उसे उसी ऊर्जा और सक्रियता के साथ काम भी करना होगा।

उन्होंने समाज के विकास के लिए तीन अहम क्षेत्रों शिक्षा, विवाह और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की बात कही। उनका मानना है कि अगर समाज गरीब बच्चों की पढ़ाई, जरूरतमंद बेटियों के विवाह और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों के इलाज में आगे आए, तो इससे न सिर्फ जरूरतमंदों को राहत मिलेगी बल्कि समाज की एकजुटता भी मजबूत होगी।

आर्थिक आत्मनिर्भरता पर जोर देते हुए उन्होंने एक सरल गणित समझाया अगर हर परिवार हर महीने सिर्फ 100 रुपये का योगदान दे, तो हजारों परिवारों से एक बड़ा फंड तैयार हो सकता है, जो समाज के विकास कार्यों में उपयोगी साबित होगा। इसके लिए उन्होंने युवाओं की टीम बनाकर घर-घर सहयोग जुटाने का सुझाव भी दिया।

कार्यक्रम के दौरान सांसद ने समाज भवन के निर्माण के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह भवन सिर्फ कार्यक्रमों तक सीमित न रहे, बल्कि इसे प्रशिक्षण और विकास का केंद्र बनाया जाए, जहां महिलाओं को हुनर सिखाया जाए और बच्चों को कंप्यूटर शिक्षा दी जा सके।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि साल में एक बार सम्मेलन करना काफी नहीं है, बल्कि समाज को पूरे साल सक्रिय रहकर काम करना होगा। जो समाज निरंतर सेवा और विकास के कार्य करेगा, वही लोगों के दिलों में अपनी पहचान बना पाएगा।

इस सम्मेलन में कई सामाजिक और राजनीतिक प्रतिनिधियों की भी मौजूदगी रही, जिनमें भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश मंत्री अशोक सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग शामिल हुए।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment