माल ढोने वाली पिकअप में बीजापुर के मजदूर, रास्ते में पलटी गाड़ी—40 घायल

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले से मजदूरी के लिए निकले श्रमिकों के साथ एक बड़ा हादसा हो गया। मजदूरों से भरी एक पिकअप वाहन महाराष्ट्र के सोमनपल्ली इलाके में अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें करीब 35 से 40 मजदूर घायल हो गए।

ये सभी मजदूर रोज़ी-रोटी की तलाश में महाराष्ट्र जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी यात्रा हादसे में बदल गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।

घायलों का इलाज फिलहाल भोपालपटनम के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में चल रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायल लगभग 15 मजदूरों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि सभी घायल मजदूर दम्मूर और पेटाबोगड़ा गांव के निवासी हैं।

यह घटना एक बार फिर उस गंभीर समस्या को उजागर करती है, जहां माल ढोने वाले वाहनों में मजदूरों को भरकर ले जाया जाता है। हर साल ऐसे कई हादसे सामने आते हैं, लेकिन कुछ दिन की सख्ती के बाद प्रशासनिक जांच ढीली पड़ जाती है और हालात जस के तस बने रहते हैं।

मजदूरों की मजबूरी और सिस्टम की लापरवाही के बीच, ऐसे हादसे एक कड़वी सच्चाई बन चुके हैं।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment