रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने अवैध अफीम की खेती के एक बड़े मामले का पर्दाफाश किया है। तमनार क्षेत्र के आमाघाट में की गई इस कार्रवाई में करीब डेढ़ एकड़ जमीन पर उगाई जा रही अफीम की फसल जब्त की गई है।
पुलिस को लंबे समय से इस इलाके में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिल रही थी। इसी आधार पर टीम ने दबिश दी, जहां चौंकाने वाला खुलासा हुआ। बाहर से देखने पर खेत में तरबूज और ककड़ी की खेती नजर आ रही थी, लेकिन असल में उसी के बीच अफीम के पौधे लगाए गए थे, ताकि किसी को शक न हो।
इस मामले में पुलिस ने झारखंड के रहने वाले एक आरोपी, मार्शल सांगां, को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जमीन को खेती के नाम पर किराए पर लिया गया था और सुनियोजित तरीके से अफीम की खेती की जा रही थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए रायगढ़ के एसएसपी शशि मोहन सिंह खुद मौके के लिए रवाना हो गए हैं और पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में बीते 15 दिनों के भीतर अफीम की अवैध खेती के यह चौथा मामला सामने आया है, जिससे यह संकेत मिल रहा है कि राज्य में इस तरह की गतिविधियां बढ़ रही हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।



