बिलासपुर में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का भंडाफोड़

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

बिलासपुर। जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की जमाखोरी और कालाबाजारी पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम ने शहर से लगे कोनी और सिरगिट्टी क्षेत्र में छापेमारी करते हुए 126 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए हैं।

जांच के दौरान अधिकारियों को मौके से गैस निकालने के उपकरण भी मिले, जिससे आशंका जताई जा रही है कि सिलेंडरों से गैस निकालकर अवैध रूप से बेची जा रही थी। मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

लगातार दूसरे दिन हुई कार्रवाई

जिला प्रशासन द्वारा गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में खाद्य विभाग की टीम ने दूसरे दिन भी शहर के विभिन्न इलाकों में दबिश दी।

इससे पहले बुधवार को की गई कार्रवाई में भी 72 गैस सिलेंडर जब्त किए गए थे।

प्रशासन का दावा — जिले में गैस की कमी नहीं

जिला प्रशासन और गैस वितरकों का कहना है कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी तरह की कमी नहीं है। हालांकि, जमीनी स्तर पर उपभोक्ताओं की परेशानी कुछ अलग तस्वीर पेश कर रही है।

बुकिंग में आ रही तकनीकी दिक्कत

कई उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस एजेंसियों में उन्हें पहले ऑनलाइन बुकिंग करने की सलाह दी जा रही है, लेकिन कंपनियों के टोल-फ्री नंबर पर कॉल ही नहीं लग पा रही। इसके चलते लोग एजेंसियों के चक्कर काटने को मजबूर हैं और कई जगह लंबी कतारें भी देखी जा रही हैं।

गैस एजेंसी से जुड़े लोगों के अनुसार, फिलहाल सर्वर की तकनीकी समस्या के कारण ऑनलाइन बुकिंग और ओटीपी जनरेट होने में दिक्कत आ रही है। जैसे ही तकनीकी समस्या दूर होगी, बुकिंग प्रक्रिया सामान्य हो जाएगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment