मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा शहर में एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के अलका टॉकीज के समीप स्थित एक होटल में घटित हुई। पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है, जिनमें से एक को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरा अभी फरार है।
पार्टी के नाम पर होटल ले गए
जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार देर रात की है। युवती को उसके परिचित दो युवक पार्टी का बहाना बनाकर होटल लेकर गए। आरोप है कि वहां उसे शराब पिलाई गई और नशे की हालत का फायदा उठाकर दोनों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया।
परिचित महिला ने पहुंचाया थाने
घटना की भनक युवती की एक परिचित महिला को लगी। वह तुरंत होटल पहुंची और युवती को अपने साथ कोतवाली थाने ले गई। उस समय युवती की हालत ठीक नहीं थी और वह अत्यधिक नशे में थी, जिस कारण तत्काल बयान दर्ज नहीं किया जा सका। बाद में उसे प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मेडिकल जांच के बाद मामला दर्ज
मंगलवार को मेडिकल परीक्षण और प्रारंभिक जांच के उपरांत पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों की युवती से पहले से पहचान थी। इसी विश्वास का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया गया।
एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि दूसरे की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस का बयान
कोतवाली थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास जारी है।







