रेल परियोजनाओं पर बड़ी बैठक, पिछली नाराज़गी के बाद क्या निकला समाधान?

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के रायपुर मंडल में आज 17 फरवरी को रेल महाप्रबंधक तरुण प्रकाश के साथ क्षेत्रीय सांसदों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में रेल परियोजनाओं की प्रगति, यात्री सुविधाओं के विस्तार और भविष्य की विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक दोपहर 1:30 बजे मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, रायपुर में शुरू हुई। इसमें रायपुर मंडल के अंतर्गत आने वाले संसदीय क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और मांगों को रेलवे प्रशासन के समक्ष रखा।

बैठक में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, महेश कश्यप, भोजराज नाग, रूपकुमारी चौधरी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शब्दाम सोलंकी सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं रेलवे प्रशासन की ओर से महाप्रबंधक तरुण प्रकाश, मंडल रेल प्रबंधक दयानंद, बिलासपुर मुख्यालय के प्रधान विभागाध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

 विकास और सुविधाओं पर चर्चा

सांसदों ने अपने क्षेत्रों में लंबित रेल परियोजनाओं की स्थिति, ट्रेनों के ठहराव, स्टेशन सुविधाओं के उन्नयन और नई रेल लाइनों के निर्माण से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए जनप्रतिनिधियों और रेलवे प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है।

 पिछली बैठक की नाराजगी फिर चर्चा में

गौरतलब है कि पिछली बैठक में सांसदों ने स्थानीय अधिकारियों के रवैये को लेकर नाराजगी जाहिर की थी। उनका कहना था कि कई बार जनप्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से नहीं लिया जाता।

रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने तब कड़ा रुख अपनाते हुए चेतावनी दी थी कि यदि औपचारिक शिकायत की गई तो संबंधित अधिकारियों को जवाबदेही तय करनी पड़ सकती है।

 अलाइनमेंट पर संवाद की मांग

नई रेल लाइनों के अलाइनमेंट को लेकर भी सवाल उठे। सांसदों ने कहा कि ऐसे संवेदनशील विषयों पर जनप्रतिनिधियों से पूर्व चर्चा होनी चाहिए। उनका तर्क था कि बिना संवाद के लिए गए फैसले भविष्य में स्थानीय जनता के लिए समस्या बन सकते हैं।

उन्होंने कहा कि आपसी बातचीत और पारदर्शिता से ही विकास कार्य सुचारू रूप से आगे बढ़ सकते हैं।

 ग्रीन एनर्जी और रोजगार पर भी चर्चा

बैठक में रेलवे में ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने, सौर ऊर्जा परियोजनाओं और स्पोर्ट्स कोटा के तहत भर्तियों जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। सांसदों ने अपेक्षा जताई कि रेलवे प्रशासन विकास कार्यों में जनप्रतिनिधियों के सुझावों को प्राथमिकता देगा और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।

बैठक सकारात्मक माहौल में संपन्न हुई और आने वाले समय में बेहतर समन्वय के संकेत भी दिए गए।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment