एंबुलेंस नहीं मिली, 70 साल की बुजुर्ग महिला को ठेले पर अस्पताल ले जाने को मजबूर ग्रामीण

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

जशपुर।छत्तीसगढ़ की स्वास्थ्य व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। जिले में आपातकालीन सेवाओं की हकीकत तब सामने आई, जब गंभीर रूप से बीमार एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला को एंबुलेंस न मिलने पर ठेले में लादकर जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर तीखी बहस छिड़ गई है।

जानकारी के मुताबिक, पुरानीटोली निवासी रजनी होता की तबीयत अचानक बिगड़ने पर परिजनों ने 108 एंबुलेंस सेवा को कॉल किया, लेकिन काफी देर तक कोई मदद नहीं मिल सकी। मजबूरी में स्थानीय लोगों ने बीमार महिला को चाट के ठेले पर बैठाया और जिला अस्पताल तक पहुंचाया।

घटना के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की सफाई भी आई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जी.एस. जात्रा ने बताया कि कलेक्टर कार्यालय से सूचना मिलने के बाद एंबुलेंस को रवाना किया गया था, लेकिन उसके पहुंचने से पहले ही ग्रामीण मरीज को अस्पताल ले आए थे। फिलहाल बुजुर्ग महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह घटना मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह जिले जशपुर की है। ऐसे में सवाल उठना लाज़मी है कि यदि मुख्यमंत्री के गृह जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की यह स्थिति है, तो प्रदेश के अन्य जिलों की हालत क्या होगी?

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment