दंतेश्वरी मंदिर के बाद जगदलपुर में फिर बड़ी सेंधमारी, सूने मकान से 16 लाख की चोरी

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

जगदलपुर।दंतेश्वरी मंदिर में हुई चोरी का मामला अभी सुलझ भी नहीं पाया था कि जगदलपुर शहर एक बार फिर बड़ी चोरी की वारदात से दहल उठा है। कोतवाली थाना क्षेत्र के सन सिटी कॉलोनी में अज्ञात चोरों ने सुनसान मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी को अंजाम दिया है। इस घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और पेट्रोलिंग सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सन सिटी कॉलोनी निवासी फुटवियर व्यवसायी सुरेश मठानी गुरुवार शाम लगभग 7 बजे अपने परिवार के साथ बहू की डिलीवरी के लिए डिमरापाल अस्पताल गए थे। करीब तीन घंटे बाद जब रात 10 बजे वे वापस लौटे, तो घर का नजारा देख उनके होश उड़ गए। घर की अलमारियां टूटी हुई थीं और कीमती सामान फर्श पर बिखरा पड़ा था।

जांच करने पर पता चला कि चोर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी समेत करीब 15 से 16 लाख रुपये का माल लेकर फरार हो गए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि चोरों ने घर के पिछले हिस्से से प्रवेश किया था, जिससे यह साफ होता है कि वारदात से पहले पूरी रेकी की गई थी। यह सवाल भी उठ रहा है कि चोरों को परिवार के बाहर जाने और लौटने के समय की सटीक जानकारी कैसे थी।

सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध चोर कैद हुआ है, जिसके हाथ में धारदार हथियार नजर आ रहा है। हैरानी की बात यह है कि बीते पांच दिनों में कोतवाली थाना क्षेत्र में यह दूसरी बड़ी चोरी की घटना है। इससे पहले दंतेश्वरी मंदिर में हुई चोरी के मामले में भी पुलिस के पास अब तक सिर्फ सीसीटीवी फुटेज ही सबूत के तौर पर मौजूद हैं, जबकि आरोपी अभी तक गिरफ्त से बाहर हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने फोरेंसिक टीम की मदद से जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। हालांकि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से शहरवासी दहशत में हैं और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

शाम और दिनदहाड़े हो रही ऐसी वारदातों ने आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। अब देखना यह होगा कि पुलिस कब तक इन बेखौफ चोरों तक पहुंच पाती है और शहर में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगा पाती है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment