पटना। बिहार की राजनीति में एक बार फिर सियासी हलचल तेज हो गई है। राज्य सरकार में कृषि मंत्री रामकृपाल यादव के एक बयान ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। उन्होंने दावा किया है कि राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सभी 25 विधायक भारतीय जनता पार्टी (BJP) के संपर्क में हैं और किसी भी समय पार्टी ज्वाइन कर सकते हैं।
रामकृपाल यादव ने कहा कि RJD अब अपने अंतिम दौर में पहुंच चुकी है और पार्टी पूरी तरह बिखर चुकी है। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए कहा कि चुनावी हार के बाद वे जनता का सामना करने से बच रहे हैं और इसी कारण विदेश यात्रा पर निकल गए हैं।
मंत्री ने दावा करते हुए कहा, “मैं पूरी जिम्मेदारी के साथ कह रहा हूं कि RJD के सभी विधायक हमारे संपर्क में हैं। वे कभी भी भाजपा में शामिल हो सकते हैं। तेजस्वी यादव को पहले अपनी पार्टी संभालनी चाहिए, क्योंकि अब वहां कुछ बचा ही नहीं है।”
तेजस्वी यादव के विदेश दौरे को लेकर भी उन्होंने कटाक्ष किया और कहा कि हार स्वीकार न कर पाने के कारण वे जनता से दूरी बना रहे हैं।
विपक्ष की तीखी प्रतिक्रिया
रामकृपाल यादव के बयान पर RJD की ओर से कड़ा पलटवार किया गया है। पार्टी प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि सत्ता पक्ष अपनी सरकारी मशीनरी के सहारे जैसे-तैसे बहुमत हासिल कर चुका है, लेकिन इसके बावजूद बेचैनी साफ नजर आ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष-विहीन विधानसभा की ओर बढ़ना चाहती है।
वहीं कांग्रेस प्रवक्ता ज्ञान रंजन ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कृषि मंत्री को किसानों की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है। किसानों की हालत पर बात करने के बजाय वे राजनीतिक बयानबाजी में व्यस्त हैं।
आवास खाली कराने पर भी सियासत
इस बीच तेजस्वी यादव के विदेश में और लालू प्रसाद यादव के दिल्ली में इलाजरत होने के दौरान पटना स्थित 10 सर्कुलर रोड आवास को खाली करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह कार्रवाई देर रात से चल रही है। करीब एक माह पहले ही इस आवास को खाली करने का नोटिस जारी किया गया था।
पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को 39 हार्डिंग रोड स्थित सरकारी आवास आवंटित किया गया है। इस आवंटन को लेकर भी राजनीतिक विवाद सामने आया था। RJD के प्रदेश अध्यक्ष ने पहले इसे खाली न करने की बात कही थी, जिस पर जमकर सियासत हुई।







