छत्तीसगढ़ कांग्रेस जिलाध्यक्षों की होगी विशेष ट्रेनिंग, राहुल गांधी लेंगे क्लास

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। अगले महीने प्रदेश के सभी कांग्रेस जिलाध्यक्षों के लिए एक विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी स्वयं उन्हें मार्गदर्शन देंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार, यह प्रशिक्षण शिविर बस्तर या सरगुजा संभाग में आयोजित किया जा सकता है। दोनों ही क्षेत्र आदिवासी बहुल होने के साथ-साथ कांग्रेस की चुनावी राजनीति के लिए बेहद अहम माने जाते हैं।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिलाध्यक्षों को संगठन संचालन, जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने, मीडिया मैनेजमेंट, सोशल मीडिया कैंपेन और आम जनता से सीधा संवाद स्थापित करने जैसे विषयों पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया जाएगा। सभी जिलाध्यक्षों को प्रशिक्षण स्थल पर अनिवार्य रूप से ठहरना होगा। केंद्रीय नेतृत्व का अंतिम कार्यक्रम तय होने के बाद पार्टी की ओर से आधिकारिक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।

 ये दिग्गज नेता हो सकते हैं शामिल

कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, इस अहम प्रशिक्षण शिविर में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, जयराम रमेश, सुप्रिया श्रीनेत, पवन खेड़ा, शशिकांत सेंथिल सहित कई वरिष्ठ नेता और विषय विशेषज्ञ शामिल हो सकते हैं। छत्तीसगढ़ कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी को दो दिनों तक प्रशिक्षण शिविर में शामिल रहने का प्रस्ताव भेजा गया है।

 वन-टू-वन चर्चा करेंगे राहुल गांधी

प्रशिक्षण शिविर के दौरान राहुल गांधी न केवल जिलाध्यक्षों को संबोधित करेंगे, बल्कि उनसे व्यक्तिगत संवाद भी करेंगे। इस दौरान जिलाध्यक्ष अपने-अपने जिलों की सामाजिक परिस्थितियों, राजनीतिक चुनौतियों, संगठनात्मक कमजोरियों और आगामी चुनावों की रणनीति को लेकर सीधे चर्चा कर सकते हैं।

 गनमैन, ड्राइवर और पीए को नहीं मिलेगी एंट्री

प्रशिक्षण शिविर को पूरी तरह अनुशासित और फोकस्ड रखने के लिए विशेष नियम बनाए गए हैं। जिलाध्यक्षों को प्रशिक्षण शुरू होने से एक दिन पहले शिविर स्थल पर पहुंचना होगा। सुरक्षा गार्ड, ड्राइवर और निजी सहायकों (पीए) को शिविर परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

 ट्रेनिंग से पहले करनी होगी ये तैयारी

ठंड के मौसम को देखते हुए जिलाध्यक्षों को पूरी तैयारी के साथ शिविर में शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं। यदि किसी जिलाध्यक्ष का कोई चिकित्सीय उपचार चल रहा है या वे नियमित दवाइयाँ लेते हैं, तो डॉक्टर के प्रिस्क्रिप्शन के अनुसार पर्याप्त दवाइयाँ साथ लाना अनिवार्य होगा।

इसके अलावा, प्रशिक्षण के दौरान शारीरिक गतिविधियों और पैदल चलने के लिए मजबूत व आरामदायक जूते साथ रखने होंगे। सभी जिलाध्यक्षों को अपने बैग या सूटकेस पर नाम, पता और मोबाइल नंबर लिखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment