बलरामपुर में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, मनरेगा और नेशनल हेराल्ड मुद्दे पर केंद्र सरकार पर तीखा हमला

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

बलरामपुर।प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी बलरामपुर-रामानुजगंज द्वारा सोमवार, 22 दिसंबर 2025 को जिला मुख्यालय बलरामपुर में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय का शांतिपूर्ण घेराव किया। संभावित स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक नया बस स्टैंड, बलरामपुर में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने धरना दिया। इसके पश्चात शाम 3 बजे से 5 बजे तक भाजपा जिला कार्यालय का घेराव किया गया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने भाजपा कार्यालय से लगभग 100 मीटर पहले बैरिकेड्स लगाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोक दिया। इस बीच पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की धक्का-मुक्की भी देखने को मिली।

मनरेगा को कमजोर करने का आरोप

धरना को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) को समाप्त कर नया कानून लाने की तैयारी कर रही है। वक्ताओं ने कहा कि मनरेगा करोड़ों गरीबों और ग्रामीण परिवारों के लिए आजीविका का प्रमुख साधन है और इसे कमजोर करना जनविरोधी फैसला होगा।

नेशनल हेराल्ड मामला: कांग्रेस का पलटवार

नेशनल हेराल्ड प्रकरण का जिक्र करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा दर्ज एफआईआर को अदालत द्वारा रद्द किया जाना सच्चाई की जीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने इस मामले का उपयोग राजनीतिक बदले की भावना से विपक्ष को दबाने के लिए किया।

लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हरिहर प्रसाद यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र, संविधान और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी और केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों का विरोध जारी रहेगा।

प्रदर्शन में रिपुजीत सिंह, महेश्वर पैकरा, अजय सोनी, अजय गुप्ता, कृपा शंकर, संजीत गुप्ता, नन्हेंलाल गुप्ता, प्रतीक सिंह, अशोक गौड़, जसवंत सिंह, नीरज तिवारी, बृजेश यादव, समीर सिंह देव, राजा चौबे, जीत गुप्ता, मोहनीस अब्दुल्ला, अश्वनी यादव, रामदेव जगते, देव नारायण मरावी, नंदलाल श्यामले, अजय यादव और अमित यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment