गुजरात की जामनगर उत्तर सीट से भाजपा विधायक और क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा एक बार फिर सुर्खियों में हैं। सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें वह भारतीय क्रिकेटरों को लेकर ऐसा दावा करती दिख रही हैं, जिसने क्रिकेट फैंस को हैरान कर दिया है।
कार्यक्रम के दौरान भाषण देते वक्त रिवाबा अपने पति की तारीफ कर रही थीं, लेकिन इसी दौरान उनकी जुबान फिसल गई और उन्होंने भारतीय टीम के अन्य खिलाड़ियों पर गंभीर आरोप लगा दिए। वायरल वीडियो में रिवाबा कहती दिख रही हैं कि रवींद्र जडेजा ने आज तक किसी तरह का व्यसन (नशा) नहीं किया, जबकि विदेशी दौरों पर “कुछ खिलाड़ी गलत काम करते हैं”।
रिवाबा ने कहा, “मेरे पति लंदन, दुबई, ऑस्ट्रेलिया जैसे कई देशों में खेलने जाते हैं, लेकिन उन्होंने कभी भी किसी प्रकार का व्यसन नहीं किया, क्योंकि वह अपनी जिम्मेदारी समझते हैं।” इसके बाद उन्होंने दावा किया कि अन्य भारतीय खिलाड़ी विदेशी दौरे पर गलत कामों में शामिल रहते हैं, हालांकि उन्होंने किसी खिलाड़ी का नाम नहीं लिया। इस बयान ने सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएँ पैदा कर दी हैं और फैंस इस पर लगातार अपनी राय साझा कर रहे हैं।
रिवाबा जडेजा गुजरात की राजनीति में तेजी से उभरी नेता हैं। 2022 में पहली बार विधायक बनीं और इस साल अक्टूबर में उन्हें मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के मंत्रिमंडल में जगह मिली। वहीं क्रिकेट की बात करें तो IPL 2026 में रवींद्र जडेजा एक बार फिर अपनी पुरानी टीम राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते नजर आएंगे। सीएसके ने मिनी ऑक्शन से पहले एक बड़े ट्रेड में जडेजा और सैम करन को राजस्थान को दिया, जबकि बदले में राजस्थान को संजू सैमसन मिला। जडेजा ने 2008 में आईपीएल की शुरुआत भी राजस्थान से ही की थी और अब वह एक बार फिर उसी जर्सी में वापस लौट रहे हैं।



