छत्तीसगढ़ में जमीन रजिस्ट्री और कलेक्टर गाइडलाइन दरों में अचानक की गई बढ़ोतरी को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को प्रदेशभर में AAP कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। रायपुर में यह विरोध पहाड़ी मैना चौक, नगर निगम कार्यालय के पास आयोजित हुआ, जहाँ कार्यकर्ताओं ने सरकार के निर्णय को “जनविरोधी” बताते हुए वित्त मंत्री ओपी चौधरी का पुतला दहन किया।
प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष उत्तम जायसवाल ने कहा कि यह फैसला सीधे-सीधे गरीबों, किसानों और मध्यमवर्गीय परिवारों की कमर तोड़ने वाला है। उन्होंने कहा—
“राज्य के करीब 80% लोग छोटी जमीन खरीदकर अपने सपनों का घर बनाना चाहते हैं, लेकिन गाइडलाइन दरें बढ़ने से ये सपना चकनाचूर हो जाएगा। न किसान जमीन खरीद पाएगा, न ही बेच पाएगा।”
दुर्ग में लाठीचार्ज पर नाराज़गी
जायसवाल ने दुर्ग में गाइडलाइन वृद्धि के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों पर हुए लाठीचार्ज को तानाशाही बताते हुए कहा कि सरकार विरोध की आवाज़ दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक सरकार यह बढ़ी हुई दरें वापस नहीं लेती, AAP प्रदेशभर में लगातार आंदोलन करती रहेगी।
“जमीन कारोबार होगा ठप, जनता पर बढ़ेगा बोझ”
प्रदर्शन के दौरान AAP नेताओं ने कहा कि सरकार का यह निर्णय जमीन कारोबार को मंदी की ओर धकेल देगा। लोगों की आर्थिक स्थिति पहले ही कमजोर है, और इस बढ़ोतरी से आम जनता और गहरे संकट में फंस जाएगी।
कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और गाइडलाइन दरों को तुरंत वापस लेने की मांग दोहराई।







