बिलासपुर निगम में 15 लाख का टैक्स घोटाला उजागर: प्लेसमेंट स्टाफ रकम लेकर फरार, सभी जोन की जांच शुरू

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

बिलासपुर नगर निगम में टैक्स वसूली को लेकर एक बड़ा वित्तीय घोटाला सामने आया है। तिफरा जोन-02 में करीब 15 लाख 62 हजार 654 रुपये का हिसाब नहीं मिलने पर निगम की ऑडिट टीम ने इस अनियमितता का खुलासा किया। टैक्स की यह राशि निगम के खाते में जमा ही नहीं हुई, बल्कि प्लेसमेंट स्टाफ इसे लेकर फरार हो गया।

यह मामला तब सामने आया जब ऑडिट टीम ने जोन-2 की वसूली का रिकॉर्ड जांचा। जांच में पता चला कि वर्ष 2022-23 से 2024-25 के बीच वसूला गया टैक्स पूरा निगम खाते में जमा नहीं किया गया। रिपोर्ट में साफ लिखा गया है कि रकम का सीधा-सीधा गबन हुआ है।

मामला सामने आते ही निगम कमिश्नर अमित कुमार ने केवल जोन-2 ही नहीं, बल्कि सभी 8 जोन में वसूली की जांच का आदेश जारी कर दिया है। इससे साफ है कि घोटाले का दायरा और भी बड़ा हो सकता है।

पहले नगर निगम को स्पायरो कंपनी की गड़बड़ी से भारी नुकसान हुआ था, और अब निगम कर्मचारियों व प्लेसमेंट स्टाफ की लापरवाही ने सवाल खड़े कर दिए हैं। यह लगातार दूसरी बार है जब टैक्स व्यवस्था की पारदर्शिता पर उंगली उठी है।

जोन-2 में टैक्स वसूली की जिम्मेदारी तो ARI रामनारायण देवांगन की थी, लेकिन उन्होंने वसूली का काम प्लेसमेंट कर्मचारी आशीष कौशिक को सौंप दिया था। जैसे ही ऑडिट शुरू हुई, आशीष पुलिस की नजरों से फरार हो गया। इस घटना को निगम प्रशासन की एक बड़ी चूक माना जा रहा है।

ऑडिट रिपोर्ट में रसीद बुक, कैशबुक, बैंक प्रविष्टियों और संग्रहण पंजी में बड़े अंतर पाए गए हैं, जो यह साबित करते हैं कि रकम धांधली करके गबन की गई। अब सभी जोन की वसूली की प्रक्रिया की गहन जांच की जा रही है, ताकि पता चल सके कि कहीं इसी तरह की गड़बड़ी अन्य जगहों पर भी तो नहीं हुई है।

Share on WhatsApp

Share This Article